सहारनपुर में धारा 144 लागू

हरियाणा से लगते जिलों में पुलिस प्रशासन की ओर से हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि प्रदेश में ऐसे किसी भी तत्व को घुसने नहीं देना है जिनसे यूपी में भी उपद्रव की आशंका है। साथ ही सभी अफसर खुफिया इकाईयों को भी सतर्क कर दिया गया है। सीमाओं पर सभी पुलिस रिस्पांस व्हीकल व कंट्रोल रूम को सूचना मिलने पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
मेरठ जोन और खास तौर पर पश्चिम यूपी के उन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, जहां की सीमाएं हरियाणा व दिल्ली से मिलती हैं। बागपत के बरनावा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम पर सुबह से ही पुलिस तैनात रही। बागपत में कासिमपुर खेड़ी और किशनपुर बराल के आधा दर्जन से अधिक लोग हरियाणा के पंचकूला गए हैं। उनके परिजन लगातार खबर ले रहे हैं। वहां फंसे लोगों ने परिवार को सुरक्षित होने की बात कही है। बरनावा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम पर कुछ समर्थक सुबह से ही जमा थे, हालांकि फैसला आने के बाद वह धीरे धीरे यहां से निकल गए। पंजाब और हरियाणा में भड़की हिंसा के बाद दिल्ली सहारनपुर रूट की करीब 20 से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इनमें छह ट्रेनों कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस, कटिहार-जालंधर, जनसेवा एक्सप्रेस, लखनऊ-चंडीगढ़ मेल, हजरत निजामुद्दीन- अंबाला, दिल्ली-अंबाला एक्सप्रेस को सहारनपुर में ही रोक दिया गया। मुजफ्फरनगर में एसएसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमण करने के निर्देश दिए हैं। शामली में मेरठ-करनाल व पानीपत खटीमा हाईवे और बागपत में गौरीपुर यमुना पुल पर वाहनों की चेकिंग की गई।

सहारनपुर, मुजफ्फरनगर शामली, और बागपत जिलों में धारा 144 लगा दी गई। सूचना मिल रही है कि सहारनपुर में कई ट्रेनों को रोक दिया गया। यात्री जमकर हंगामा कर रहे हैं। बताया जाता है कि यात्री सुबह से भूखे प्यासे हैं और अब एक जगह खड़ी ट्रेन में परेशान हो रहे हैं। वहीं बागपत में भी बाबा गुरमीत राम रहीम के बरनावा आश्रम को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पूरे बागपत जिले में पुलिसफोर्स तैनात कर दी गई है।

Source-amarujala

Facebooktwitter

Leave a Reply

Your email address will not be published.