जब तक है जान यश चोपड़ा की आख़िरी डायरेक्टोरियल फ़िल्म है। शाह रूख़ के साथ कटरीना कैफ़ और अनुष्का शर्मा ने फ़िल्म में फ़ीमेल लीड रोल्स निभाए थे।

मुंबई। शाह रूख़ ख़ान ने अपनी ज़िंदगी का एक ऐसा राज़ खोला है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। दुनियाभर में घूमने वाले किंग ख़ान ने बताया है कि वो कभी कश्मीर क्यों नहीं गए।

शाह रूख़ को मुंबई में हुए अवॉर्ड फंक्शन में चौथी बार नेशनल यश चोपड़ा मैमोरियल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इस मौक़े पर उन्होंने लीजेंडरी फ़िल्ममेकर यश चोपड़ा से जुड़ी अपनी यादों को साझा किया। किंग ख़ान ने बताया कि उन्हें रोमांटिक रोल्स करने के लिए प्रोत्साहित करने का क्रेडिट यश जी को ही जाता है। इसी बातचीत के दौरान शाह रूख़ ने ये राज़ भी खोला कि जब तक है जान की शूटिंग से पहले वो क्यों कभी कश्मीर नहीं गए। शाह रूख़ ने कहा- ”मेरी मां कश्मीरी हैं। मेरे पिता ने मुझसे कहा था कि कश्मीर वो जगह है जहां तुम मेरे बग़ैर नहीं जाओगे। इसलिए मैं वहां कभी नहीं गया। कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने मुझे आमंत्रित भी किया, लेकिन मैंने उन्हे भी इंकार कर दिया।”